04/06/2026
सवाई माधोपुर।
माय भारत एक्सपीरियंशियल लर्निंग प्रोग्राम के तहत युवाओं को मिलेगा रणथम्भौर की जैव विविधता एवं संरक्षण कार्यों का अनुभव।
सवाई माधोपुर, 4 जून। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के माय भारत केंद्र के कार्यक्रमों की श्रंखला में जिला कलेक्टर कानाराम के मार्गनिर्देशन में कार्यालय उप वन संरक्षक एवं उप क्षेत्र निदेशक, रणथम्भौर बाघ परियोजना, सवाई माधोपुर द्वारा 16 जून से 19 जून 2026 तक चार दिवसीय एक्सपीरियंशियल लर्निंग प्रोग्राम का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य माय भारत से जुड़े युवाओं में पर्यावरण संरक्षण, वन्यजीव संवर्धन एवं प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।
कार्यक्रम में वन विभाग के अधिकारियों, वन्यजीव विशेषज्ञों तथा गैर-सरकारी संगठनों के प्रतिनिधियों द्वारा युवाओं को राष्ट्रीय उद्यानों की भूमिका, जैव विविधता संरक्षण, वन्यजीव प्रबंधन तथा मानव-वन्यजीव सहअस्तित्व के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया जाएगा। युवा प्रतिभागियों को वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास, संरक्षण गतिविधियों तथा पारिस्थितिक तंत्र के महत्व को समझने का अवसर मिलेगा। साथ ही वन विभाग के अधिकारियों द्वारा कैमरा ट्रैप, डिजिटल संरक्षण तकनीकों एवं वन्यजीव निगरानी प्रणालियों से अवगत कराया जाएगा। इसी के साथ सफारी बुकिंग एवं प्रबंधन प्रणाली, पर्यटन गतिविधियों तथा रणथम्भौर टाइगर रिजर्व में अपनाई जा रही आधुनिक संरक्षण तकनीकों पर विशेषज्ञों द्वारा जानकारी दी जाएगी।
कार्यक्रम में भाग लेने के लिए 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा माय भारत पोर्टल के एक्स्पोनेंशियल लर्निंग टैब में जाकर 10 जून तक अप्लाई कर सकते हैं। जिला युवा अधिकारी ने बताया कि इस प्रकार के कार्यक्रम युवाओं को पर्यावरणीय चुनौतियों को समझने तथा उनके समाधान में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करते हैं। अधिक जानकारी के लिए प्रतिभागी जिला माय भारत केंद्र से संपर्क कर सकते हैं।