19/10/2025
Hemant Soren Hafizul Hassan
देवघर से बड़ी खबर : JMM युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष राहुल चंद्रवंशी पर गंभीर आरोप, साईबर अपराधियों से सांठगांठ का आरोप।
देवघर :– जिला से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जिले के देवीपुर के रहने वाले सचिन दास नामक युवक ने झारखंड मुक्ति मोर्चा के युवा मोर्चा देवघर जिला अध्यक्ष राहुल चंद्रवंशी पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
शिकायतकर्ता सचिन दास का कहना है कि राहुल चंद्रवंशी की साईबर अपराधियों से मिलीभगत है। आरोप है कि वह निर्दोष युवकों को झूठे साइबर अपराध के मामलों में फंसाता है, और उन्हें पुलिस के चंगुल से छुड़वाने का काम करता है। इसके बदले उसे काफी मोटी रकम वसूलता है।
सचिन दास ने दावा किया कि साईबर अपराध साठ गांठ के जरिए राहुल चंद्रवंशी ने अब तक करीब 50 लाख रुपये तक की अवैध कमाई की है।
उन्होंने यह भी कबूल किया है कि वे पहले राहुल चंद्रवंशी के लिए “दलाली” का काम करते थे, इसलिए उनके पास राहुल की करतूतों के कई सबूत, कॉल रिकॉर्डिंग और दस्तावेज मौजूद हैं, जिन्हें जरूरत पड़ने पर पुलिस को सौंपा जाएगा।
साथ ही उसने बताया कि पिछले दिनों राहुल चंद्रवंशी ने उसके साथ मारपीट की ,साथ ही मुंह में पिस्टल डाल कर धमकी भी दी कि अगर वो किसी को इसकी शिकायत करते हो तो भारी कीमत चुकानी होगी।
वहीं, इस पूरे मामले की पुष्टि झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता गोपाल दास ने भी की है। उन्होंने कहा कि इसकी शिकायत वो झारखंड मुक्ति मोर्चा के आलाकमान से करेंगे।
युवक सचिन दास ने इस पूरे मामले की लिखित शिकायत देवघर एसपी सौरभ कुमार से की है।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए देवघर एसपी सौरभ कुमार ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्य सामने आने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।