18/01/2024
कैप्टन अजय सिंह यादव ने सोहना विधानसभा में चलाया घर-घर कांग्रेस, हर घर कांग्रेस अभियान
सोहना/गुरुग्राम। पूर्व मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव ने सोहना विधानसभा के गांव उटोन, राठीवास, रंगाला, खोरी और चूँदिका मैं घर घर कांग्रेस हर घर कांग्रेस अभियान चलाया। इस दौरान सभी गांव में पूर्व मंत्री का फूल मालाओं के साथ जोरदार स्वागत किया गया। कैप्टन अजय सिंह यादव ने बताया हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने गत 15 जनवरी से यह अभियान चलाया है जिसके तहत जनता के बीच जाकर महंगाई, बेरोजागरी, अपराध और महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा और स्वास्थ्य के मुद्दों को लेकर सरकार को घेरा जाएगा। इसी कड़ी में आज हमने सोहना विधानसभा से घर-घर कांग्रेस हर घर कांग्रेस की शुरुआत की है।
श्री यादव ने बताया कांग्रेस के संकल्प पत्र में सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन नीति का संकल्प है, तो महंगाई से सभी वर्गों के लोगों को राहत देने के लिए 500 रुपए में रसोई गैस सिलेंडर देने, व्यापारियों को इंस्पेक्टरी राज से मुक्ति दिलवाने, 200 यूनिट तक बिजली मुफ्त देने जैसे संकल्प हैं। कांग्रेस पार्टी की सरकार बनने पर सभी वादों को पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज सभी वर्गों के लोग गठबंधन सरकार से तंग हैं और उन्होंने कांग्रेस को सत्ता सौंपने का मन बना लिया है।
उन्होंने दावा किया है कि आने वाले लोकसभा चुनाव में हरियाणा में सभी दसों सीटों पर कांग्रेस जीत हासिल करेगी और एक बार फिर से हरियाणा में कांग्रेस का परचम लहराएगा।
इस मौके पर उनके साथ , भरत सिंह तोंगड,सतबीर पहलवान शेखर गुर्जर के अलावा सैकड़ो की संख्या में गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।